Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shamli News ›   West UP News: Diwali Celebrations, Special Security for Ankit Murder Accused, Air Pollution Rises

वेस्ट यूपी से खास खबरें: हर तरफ दीपावली की धूम, बुलटप्रूफ जैकेट में लाए जाएंगे अंकित हत्याकांड के आरोपी

Sat, 07 Nov 2026 06:57 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Sat, 07 Nov 2026 06:57 PM IST
सार

वेस्ट यूपी में दीपावली की धूम, अंकित हत्याकांड के आरोपियों की पेशी पर सुरक्षा के विशेष निर्देश, इमरान मसूद का बयान और मेरठ में बढ़ता प्रदूषण। पढ़ें खास खबरें।

 

विज्ञापन
West UP News: Diwali Celebrations, Special Security for Ankit Murder Accused, Air Pollution Rises
वेस्ट यूपी से खास खबरें, मेरठ न्यूज बुलेटिन - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

विज्ञापन

1. दीपावली की धूम: बाजारों में झालर, दीये और मिठाइयों की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
दीपावली की पूर्व संध्या पर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई। सदर बाजार में सजावटी सामान की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी। लोग घरों को सजाने के लिए झालर, रंग-बिरंगी लाइट्स, दीये, रंगोली और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां खरीदने पहुंचे। मिठाइयों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ने से सदर बाजार में जाम की स्थिति बन गई। खरीदारी के उत्साह के बीच लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

2. अंकित हत्याकांड: आरोपियों को बुलेटप्रूफ जैकेट और बेड़ियां पहनाकर लाने के निर्देश
शामली के हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड की साजिश के आरोपी योगेश उर्फ टुंडा और दीपक उर्फ तीतर को कैराना न्यायालय में पेशी के दौरान विशेष सुरक्षा दी जाएगी। दोनों आरोपियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस से फर्जी मुठभेड़ में मारे जाने की आशंका जताई थी। उनकी सुरक्षा को लेकर दाखिल आवेदन पर दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने निर्देश दिया है कि कैराना न्यायालय लाते समय उन्हें बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाई जाए। साथ ही हाथों में हथकड़ी और पैरों में बेड़ियां लगाई जाएं।

विज्ञापन


दोनों आरोपी दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। 12 नवंबर को कैराना न्यायालय में उनकी पेशी होनी है। इससे पहले उन्होंने पटियाला हाउस कोर्ट में आवेदन देकर पेशी के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम कराने की मांग की थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


3. इमरान मसूद बोले- राहुल गांधी ने चुनौती दी है तो स्वीकार करने का साहस दिखाएं
सहारनपुर से कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखते हैं। यदि उन्होंने कोई चुनौती दी है तो उसे स्वीकार करने का साहस दिखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की बातों को केवल बयान के तौर पर नहीं देखना चाहिए, बल्कि उनके तथ्यों पर ध्यान देना चाहिए।

4. मेरठ: गैंगस्टर उधम सिंह ने फर्जी एनकाउंटर का डर जताकर राष्ट्रपति से मांगी सुरक्षा
मेरठ के करनावल निवासी गैंगस्टर उधम सिंह ने फर्जी पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने की आशंका जताते हुए राष्ट्रपति से सुरक्षा की गुहार लगाई है। छह नवंबर को भेजे गए पत्र में उन्होंने स्थानीय पुलिस और पुराने विरोधियों पर झूठे मुकदमों में फंसाने की आशंका जताई है।

उधम सिंह का कहना है कि वह अपराध की दुनिया से दूरी बनाकर अब अपनी पैतृक जमीन पर खेती करना और परिवार के साथ सामान्य जीवन बिताना चाहते हैं। उनका दावा है कि करीब 15 साल तक विभिन्न मुकदमों के चलते जेल और न्यायिक प्रक्रिया का सामना करने के बाद उन्होंने लगभग सात साल पहले अपराध की दुनिया छोड़ दी थी। अब वह अपनी पैतृक कृषि भूमि पर खेती करके परिवार का जीवनयापन करना चाहते हैं।

5. मेरठ: जागृति विहार एक्सटेंशन में युवक का शव मिला, चौथी मंजिल पर मिली चप्पल
मेरठ मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार एक्सटेंशन में शनिवार को एक युवक का शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सीओ सौम्या अस्थाना पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं।

पुलिस की शुरुआती जांच में इमारत की चौथी मंजिल पर युवक की चप्पल मिली है। इससे उसके ऊपर से गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, युवक वहां कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। युवक की पहचान भी नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

6. छोटी दिवाली पर एनसीआर में प्रदूषण बढ़ा, मेरठ के शताब्दीनगर में एक्यूआई 310
मेरठ दीपावली से एक दिन पहले एनसीआर की हवा लगातार खराब बनी हुई है। शनिवार को मेरठ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 246 दर्ज किया गया। शहर के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर इससे भी अधिक रहा। सेक्टर-4सी शताब्दीनगर में एक्यूआई 310 तक पहुंच गया, जबकि एमआईटी कॉलेज क्षेत्र में 297 दर्ज किया गया।

गंगानगर में एक्यूआई 252, जयभीम नगर में 191 और पल्लवपुरम में 178 रहा। एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा की गुणवत्ता खराब रही। गाजियाबाद का एक्यूआई 273, मुजफ्फरनगर का 263, शामली का 260 और बागपत का 250 दर्ज किया गया।

सुबह के समय धुंध और प्रदूषण की परत दिखाई दी। लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दीपावली पर आतिशबाजी के कारण प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका है। विशेषज्ञों ने लोगों को विशेषकर सुबह और देर रात अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।


मोदीपुरम में शनिवार को अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप निकलने से गर्मी का असर रहा, जबकि सुबह और शाम ठंडक महसूस हुई। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार, अभी तापमान में गिरावट बनी रहेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed