स्नातक एमएलसी चुनाव: वाराणसी में मतगणना स्थल पर भाजपा का हंगामा, बैरिकेडिंग तोड़ धरने पर बैठे प्रत्याशी-विधायक
स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान वाराणसी में जमकर हंगामा हुआ। बुधवार की शाम भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने पहड़िया मंडी के बाहर पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए और धरना प्रदर्शन करने लगे।
विस्तार
वाराणसी जिले के पहड़िया मंडी में मतगणना स्थल पर बुधवार शाम एमएलसी चुनाव के नतीजों के बीच भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। काफी देर तक नारेबाजी और हंगामा चलता रहा। बाद में भाजपा नेता, प्रत्याशी और कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। उन्होंने मतगणना दोबारा कराने की मांग उठाई और निर्वाचन आयोग में शिकायत करने का एलान किया।
प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और चुनाव पर्यवेक्षक प्रांजल यादव के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। बर्खास्त करने की मांग भी की गई। शिक्षक एमएलसी सीट पर भाजपा की हार और स्नातक सीट पर सपा प्रत्याशी की बढ़त के बीच प्रदर्शन से मतगणना स्थल पर माहौल गरमा गया।
पुलिस से नोकझोंक, बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े कार्यकर्ता
हंगामे के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे। काफी देर तक हंगामे के बाद प्रदर्शनकारी धरने पर बैठ गए। उन्होंने गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए दोबारा मतगणना कराने की मांग की। साथ ही कहा कि इस संबंध में निर्वाचन आयोग से शिकायत की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा प्रत्याशी भी धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव और चुनाव पर्यवेक्षक प्रांजल यादव के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी। शाम सात बजे भाजपा विधायक नीलकंठ तिवारी भी मतगणना स्थल पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उनके पहुंचने के बाद भी कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। देर शाम तक मतगणना स्थल पर हंगामे और गहमागहमी का माहौल बना रहा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.