खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई की। विभाग की इस कार्रवाई से डेयरी संचालकों, मिठाई दुकानदारों और होटल संचालकों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान 15 किलो पनीर मौके पर नष्ट कराया गया, 15 किलो घी जब्त किया गया, जबकि करीब 50 लीटर दूध भी नष्ट कराया गया।
जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मंडी बाजार स्थित अमृत डेयरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां घी और पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए। कार्रवाई के दौरान 15 किलो पनीर मौके पर नष्ट कराया गया, जबकि 15 किलो घी जब्त किया गया। इसके बाद अधिकारियों ने मंडी बाजार स्थित रईस जलेबी का निरीक्षण कर मावे का नमूना लिया। वहीं, सिंधी बस्ती स्थित शालीमार कोल्ड ड्रिंक से भी पनीर का नमूना जांच के लिए लिया गया।
मिठाई दुकानों और होटल पर भी पहुंची टीम
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मदीना स्वीट्स और रहमानिया होटल का भी निरीक्षण किया। यहां कमियां पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फेमस मिल्क डेयरी पर बाहर से आया करीब 50 लीटर दूध नष्ट कराया गया।
पढ़ें: प्रदेश के सभी सरकारी अस्पताल आज से कागज-रहित, सेहत का रिकॉर्ड अब डिजिटल
भोपाल की रिपोर्ट तय करेगी आगे की कार्रवाई
विभाग द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में गुणवत्ता संबंधी अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्रकरण तैयार कर एडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना है। अब भोपाल की प्रयोगशाला से आने वाली जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।