झाबुआ जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पिटोल चौकी और कोतवाली पुलिस ने हाईवे पर घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन को पकड़ा। तलाशी के दौरान वाहन से 227 पेटी टिन बीयर बरामद हुई। शराब और वाहन सहित जब्त मश्रुका की कुल कीमत करीब 19 लाख 46 हजार रुपये बताई गई है।
ये भी पढ़ें- आलीराजपुर: घर के बाहर खड़े जिला पंचायत कर्मचारी पर फालिए से वार, गले में आए चार टांके
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को पिटोल चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धार की ओर से एक पिकअप वाहन में अवैध शराब भरकर इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-47 से पिटोल की ओर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हाईवे पर घेराबंदी कर सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक MP-09-KD-8020 को रोककर तलाशी ली। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल इंदौर-अहमदाबाद हाईवे क्रमांक 47 पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान वाहन से 227 पेटी टिन बीयर बरामद हुई। जब्त शराब की मात्रा 2,724 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत करीब 7 लाख 46 हजार 376 रुपये है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल पिकअप वाहन को भी जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये है। इस तरह शराब और वाहन सहित कुल 19 लाख 46 हजार 376 रुपये का मश्रुका जब्त किया गया। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 1019/2026 दर्ज कर धारा 34(2), 36 और 46 आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

चौकी पिटोल, थाना कोतवाली पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई