फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   rajnath-singh-guard-of-honour-philippines-admm-plus-defence-meeting-updates

फिलीपींस: राजनाथ सिंह को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर, 13वीं एडीएमएम-प्लस बैठक में लेंगे हिस्सा; होगी क्या चर्चा?

Thu, 29 Oct 2026 07:51 AM IST
देवेश त्रिपाठी एएनआई, सेबू
एएनआई, सेबू Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Thu, 29 Oct 2026 07:51 AM IST
सार

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को फिलीपींस के सेबू स्थित मैक्टन एक्सपो में 13वीं एडीएमएम-प्लस बैठक में हिस्सा लेने पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा और रक्षा सहयोग पर चर्चा होगी। इससे पहले सिंह ने फिलीपींस, दक्षिण कोरिया, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के रक्षा नेताओं से द्विपक्षीय वार्ता की।

विज्ञापन
rajnath-singh-guard-of-honour-philippines-admm-plus-defence-meeting-updates
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को गुरुवार को फिलीपींस के सेबू में मैक्टन एक्सपो पहुंचने पर औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वह यहां 13वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (एडीएमएम-प्लस) में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। बैठक में वह क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। साथ ही, भाग लेने वाले देशों के साथ रक्षा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने के उपायों पर विचार करेंगे।
विज्ञापन


रक्षा मंत्रालय के अनुसार, आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक (एडीएमएम) संगठन के भीतर रक्षा मामलों पर परामर्श और सहयोग का सर्वोच्च मंच है। एडीएमएम-प्लस में आसियान के 11 सदस्य देशों के अलावा आठ संवाद साझेदार देश भारत, अमेरिका, चीन, रूस, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड शामिल हैं।
विज्ञापन


भारत की अहम भूमिका
भारत 1992 में आसियान का संवाद साझेदार बना था। एडीएमएम-प्लस की पहली बैठक 12 अक्टूबर 2010 को वियतनाम की राजधानी हनोई में हुई थी। वर्ष 2017 से इस मंच के रक्षा मंत्री क्षेत्रीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए हर साल बैठक कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


वर्ष 2026 में फिलीपींस इस बैठक की अध्यक्षता कर रहा है। भारत 2024 से 2027 के कार्यकाल के लिए मलेशिया के साथ आतंकवाद विरोधी विशेषज्ञ कार्य समूह की सह-अध्यक्षता भी कर रहा है। इस मंच पर भारत की भागीदारी दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ रक्षा और रणनीतिक संबंध मजबूत करने की उसकी कोशिशों को दर्शाती है। यह भारत की एक्ट ईस्ट नीति का भी हिस्सा है।

पांच देशों के रक्षा नेताओं से की द्विपक्षीय बातचीत
एडीएमएम-प्लस बैठक से इतर राजनाथ सिंह ने बुधवार को फिलीपींस, दक्षिण कोरिया, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के रक्षा नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। बातचीत में रक्षा सहयोग, सैन्य तकनीक और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

फिलीपींस के राष्ट्रीय रक्षा सचिव गिल्बर्टो सी. टेओडोरो जूनियर के साथ बैठक में दोनों देशों ने रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने, समुद्री सुरक्षा और संयुक्त रक्षा उत्पादन पर विचार किया। राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर कहा कि भारत स्वतंत्र, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री से भी मुलाकात
राजनाथ सिंह ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री कांग शिन-चुल से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने बढ़ते द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की समीक्षा की। साथ ही, सैन्य तकनीक के संयुक्त विकास और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।

जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी के साथ बैठक में दोनों पक्षों ने अगस्त में हुई पिछली मुलाकात के बाद रक्षा सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने उस समय तय प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा की।

भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी की समीक्षा
अमेरिका के युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ के साथ बैठक में राजनाथ सिंह ने भारत-अमेरिका प्रमुख रक्षा साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, दोनों पक्षों ने सुरक्षा से जुड़े बुनियादी समझौतों के तहत हुई प्रगति पर चर्चा की। इसके अलावा, सैन्य तैयारियों में सुधार, तकनीक साझा करने और दोनों देशों के रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाने के उपायों पर विचार किया गया।

बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा और आतंकवाद का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। रक्षा मंत्रालय के बयान के अनुसार, दोनों देशों ने आतंकवाद और सीमा पार खतरों से निपटने की प्रतिबद्धता दोहराई। राजनाथ सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को उन देशों के प्रति किसी तरह की नरमी नहीं बरतनी चाहिए, जो आतंकवादी संगठनों को समर्थन देते हैं, उन्हें प्रशिक्षण देते हैं या उनकी आर्थिक मदद करते हैं। मंत्रालय के मुताबिक, हेगसेथ ने सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में अमेरिका के समर्थन की पुष्टि की।


ऑस्ट्रेलिया के साथ सैन्य सहयोग पर चर्चा
राजनाथ सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की समीक्षा की और सेनाओं के बीच आपसी तालमेल बढ़ाने तथा क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा की। राजनाथ सिंह ने कहा कि स्वतंत्र, खुले और सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए भारत ऑस्ट्रेलिया के साथ अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को काफी महत्व देता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed