बिहार: मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज में रैगिंग को लेकर विवाद, छात्रों के दो गुट आमने-सामने; परिसर में तनाव
मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज में रैगिंग को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर विवाद होने की खबर सामने आई है। देखते ही देखते कॉलेज परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। छात्रों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि कॉलेज परिसर में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
विस्तार
मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज में रैगिंग को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद होने की खबर सामने आई है। देखते ही देखते कॉलेज परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवाद बढ़ने के बाद परिसर में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
जानकारी के अनुसार, रैगिंग को लेकर प्रथम वर्ष और द्वितीय वर्ष के छात्रों के बीच गुरुवार रात से ही तनाव बना हुआ था। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को और गहरा गया। देखते ही देखते दोनों गुट आमने-सामने आ गए। इस दौरान उनके बीच मारपीट होने की भी सूचना मिली। घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया।
छात्रों के बीच विवाद और हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी के बीच स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ा। कॉलेज परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
पढे़ं: हरदीप सिंह पुरी ने दाखिल किया नामांकन, मोहन यादव समेत भाजपा के दिग्गज रहे मौजूद
इधर, कॉलेज के प्राचार्य ने मारपीट की घटना से इनकार किया है। उनका कहना है कि प्रथम वर्ष और द्वितीय वर्ष के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, लेकिन मारपीट की कोई घटना नहीं हुई है।
फिलहाल, इस पूरे मामले में छात्रों के बीच विवाद की वास्तविक वजह और रैगिंग के आरोपों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना ने एक बार फिर इंजीनियरिंग कॉलेजों में रैगिंग पर रोक लगाने और छात्रावासों व परिसर में अनुशासन व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।