मिठाैरा। जिले के एक गांव में बृहस्पतिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जिस दिन घर में बेटी के 15वें जन्मदिन की खुशियां मनाई जानी थीं, उसी दिन परिवार की दुनिया उजड़ गई। जन्मदिन के ही दिन घर की दूसरी मंजिल पर कक्षा नौ की छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से पूरे परिवार में कोहराम मचा है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक गांव निवासी किशोरी कक्षा नौ की छात्रा थी। बृहस्पतिवार को उसका जन्मदिन था। परिजन के मुताबिक, शाम करीब 6:30 बजे भोजन बनाने के बाद वह घर की दूसरी मंजिल पर चली गई। काफी देर तक जब वह नीचे नहीं लौटी, तो परिजन उसे देखने ऊपर गए। वहां कमरे में उसे फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। परिजन की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। स्वजन उसे तत्काल फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में स्थानीय थाने के प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सुसाइड नोट बरामद, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान एक कथित सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है, जिसमें पिता के प्रति अपना प्रेम जताते हुए खुद को अच्छी बेटी न बन पाने की बात लिखे जाने की चर्चा है। हालांकि, नोट की प्रमाणिकता और इसके पीछे की असली वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। किशोरी ने जन्मदिन के दिन यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, वह किसी मानसिक तनाव या अन्य परेशानी से जूझ रही थी या नहीं, इन सवालों के जवाब अभी तलाशने बाकी हैं। एक तरफ जन्मदिन पर बेटी को खोने से परिवार सदमे में डूबा है, तो दूसरी तरफ इस अनहोनी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।