{"_id":"6aef758f4534be13b9091087","slug":"srinagar-lal-chowk-will-echo-with-chants-of-jai-shri-ram-today-2026-11-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"श्रीनगर: आज जय श्रीराम के घोष से गूंजेगा लाल चौक, भव्य आरती में शाम को होंगे दर्शन; दीयों से रोशन होगा घंटाघर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
श्रीनगर: आज जय श्रीराम के घोष से गूंजेगा लाल चौक, भव्य आरती में शाम को होंगे दर्शन; दीयों से रोशन होगा घंटाघर
Sun, 08 Nov 2026 03:19 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अजीम यूसुफ, श्रीनगर
अजीम यूसुफ, श्रीनगर
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 08 Nov 2026 03:19 AM IST
सार
भगवान राम की आरती और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा घंटाघर परिसर गूंज उठेगा और हजारों दीपों की जगमगाहट से कश्मीर का दिल रोशन होगा।
विज्ञापन
लाल चौक
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
श्रीनगर का ऐतिहासिक लाल चौक रविवार को दीपावली के पावन पर्व पर एक बार फिर आस्था, प्रकाश और भाईचारे के रंग में रंगा नजर आएगा। भगवान राम की आरती और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा घंटाघर परिसर गूंज उठेगा और हजारों दीपों की जगमगाहट से कश्मीर का दिल रोशन होगा।
विज्ञापन
इस भव्य दीपोत्सव के लिए शनिवार शाम को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी और भक्त हनुमान के विग्रहों से सुसज्जित भव्य रामरथ लाल चौक पहुंच चुका है। रविवार शाम को विशेष पूजा-अर्चना और भव्य महाआरती के साथ श्रद्धालु राम परिवार के दर्शन कर सकेंगे।
विज्ञापन
शनिवार शाम जैसे ही रामरथ लाल चौक के घंटाघर परिसर में दाखिल हुआ, वहां मौजूद पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह देखा गया। रविवार शाम को आयोजित होने वाले दीपोत्सव के लिए घंटाघर के चारों ओर रंगोली और दीपकों की सुंदर शृंखलाएं सजाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। पिछले साल की तरह इस बार भी शाम ढलते ही सैकड़ों स्थानीय नागरिक, देश के कोने-कोने से पहुंचे पर्यटक और सुरक्षा बलों के जवान एक साथ मिलकर हजारों मिट्टी के दीये जलाएंगे।
विज्ञापन
राम रथ के साथ आए आयोजक ज्योतिर्मठ के एक संन्यासी ने बताया कि वह यहां तीसरी बार दीपोत्सव मनाने आए हैं। पहली बार कम संख्या में दीप लगाए थे लेकिन पिछले साल संख्या काफी बढ़ाई गई। अयोध्या में जिस तरह दीपोत्सव हुआ वैसे ही श्रीनगर में किया गया था। इस साल भी पूरा प्रयास रहेगा कि इसे और अधिक भव्य रूप दिया जा सके। जहां कभी हिंसा होती थी अब वही लाल चौक हर साल दीपोत्सव से दमक रहा है। कश्मीर वाकई में बदल रहा है। हमारा उद्देश्य है कि कश्मीर का पुरातन वैभव वापस लौटे। महर्षि कश्यप की पवित्र भूमि पर इस तरह के आयोजन उसी का संकेत है।
आयोजकों के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे लाल चौक पर विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भजन-संकीर्तन के बीच भगवान श्रीराम का दरबार सजेगा और। प्रशासन और पुलिस ने कार्यक्रम के शांतिपूर्ण और सुचारु संचालन के लिए चौक के आसपास यातायात प्रबंधन व सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। दीपोत्सव को लेकर श्रीनगर में आए पर्यटकों के बीच भी भारी कौतूहल है जो इस ऐतिहासिक स्थल पर कश्मीर के बदलते स्वरूप और इस आलौकिक दृश्य के साक्षी बनने के लिए उत्सुक हैं।
हमारी साझी तहजीब और कश्मीरियत की मिसाल
लाल चौक और आसपास के बाजारों के स्थानीय मुस्लिम व गैर-मुस्लिम दुकानदारों में भी इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि घाटी में अमन-चैन की यह बयार सबके चेहरों पर मुस्कान ला रही है। लाल चौक के व्यापारी मोहम्मद रफीक ने कहा कि कश्मीर हमेशा से साझी संस्कृति, भाईचारे और सूफियाना रिवायतों की जमीन रहा है। लाल चौक पर जब दिवाली के दीये जलते हैं और रोशनी बिखरती है, तो यह केवल एक पर्व नहीं बल्कि हमारी कश्मीरियत और अमन का पैगाम पूरी दुनिया में भेजता है। हम सब मिलकर इस आयोजन का स्वागत करते हैं।
वहीं हस्तशिल्प विक्रेता बशीर अहमद ने बताया कि पिछले साल भी यहां बहुत खूबसूरत माहौल था। बाहर से आए पर्यटकों के साथ-साथ हम स्थानीय लोग भी इस रोशनी का हिस्सा बनते हैं। जब पर्यटक खुश होते हैं और सुरक्षित महसूस करते हैं, तो घाटी का व्यापार भी फलता-फूलता है। रविवार शाम का यह दीपोत्सव हमारे आपसी प्यार और एकता को और मजबूत करेगा।