{"_id":"6ae5f3d10d53b73f670e11a1","slug":"brother-and-sister-swindle-one-crore-rupees-under-the-guise-of-occult-practices-find-out-how-they-deceived-a-helpless-mother-bhopal-news-c-1-1-noi1404-4892320-2026-10-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"भोपाल में तंत्र-मंत्र के नाम पर एक करोड़ की ठगी: बेटे को घर लौटाने का झांसा देकर भाई-बहन ने ऐंठे नकदी और जेवर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भोपाल में तंत्र-मंत्र के नाम पर एक करोड़ की ठगी: बेटे को घर लौटाने का झांसा देकर भाई-बहन ने ऐंठे नकदी और जेवर
Sat, 31 Oct 2026 11:29 PM IST
भोपाल ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: भोपाल ब्यूरो
Updated Sat, 31 Oct 2026 11:29 PM IST
सार
तंत्र-मंत्र और गृहशांति के नाम पर भाई-बहन ने पीड़ित महिला से लाखों रुपये, नकदी और सोने-चांदी के जेवर ले लिए। ज्वेलर के बकाया भुगतान को लेकर किए गए फोन के बाद ठगी का खुलासा हुआ। क्राइम ब्रांच ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
अपराध
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
परिवार से बिछड़े बेटे को वापस घर लाने की उम्मीद एक महिला को इतनी महंगी पड़ी कि उसे करीब एक करोड़ रुपये गंवाने पड़ गए। भोपाल में तंत्र-मंत्र और गृहशांति के नाम पर ठगी के एक मामले में भाई-बहन ने महिला को पारिवारिक परेशानियां दूर करने का झांसा देकर विश्वास में लिया। इसके बाद उससे ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए लाखों रुपये, नकदी और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर ले लिए। ठगी का खुलासा तब हुआ, जब एक ज्वेलर ने बकाया भुगतान के लिए महिला के पति से संपर्क किया। मामले में क्राइम ब्रांच ने आशा यादव और उसके भाई मुकेश यादव के खिलाफ धोखाधड़ी और षड्यंत्र का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
विज्ञापन
बेटे को वापस लाने के नाम पर बुना ठगी का जाल
क्राइम ब्रांच के मुताबिक साकेत नगर निवासी पुरुषोत्तम शर्मा (57) ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। उनकी पत्नी राजेश्वरी शर्मा (55) की पहचान मोहल्ले की परिचित गौरी सिंह के माध्यम से आशा यादव से हुई थी। आशा ने बताया था कि उसका भाई मुकेश तंत्र-मंत्र और गृहशांति का काम करता है।
विज्ञापन
उस समय शर्मा दंपती का बेटा परिवार से अलग रह रहा था। बेटे को वापस घर लाने और परिवार में सुख-शांति स्थापित होने की उम्मीद में राजेश्वरी का आशा के घर आना-जाना शुरू हो गया। आरोप है कि 25 मई 2025 से आशा ने गृहशांति और तंत्र-मंत्र के नाम पर उनसे रुपये और कीमती सामान लेना शुरू कर दिया।
विज्ञापन
फोन-पे से ट्रांसफर किए रुपये
शिकायत के अनुसार राजेश्वरी ने अलग-अलग समय पर फोन-पे के माध्यम से करीब 7.16 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके अलावा लगभग 12.54 लाख रुपये नकद दिए गए। आरोपियों ने उनसे करीब 625 ग्राम सोने और 500 ग्राम चांदी के जेवर भी ले लिए। इस तरह ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, नकदी और कीमती आभूषणों को मिलाकर कुल ठगी की रकम करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: इंदौर: आरएसएस की 3 दिवसीय बैठक 2 नवंबर से, प्रांत की जगह संभागीय व्यवस्था पर मंथन, नई जिम्मेदारियां तय होंगी
ज्वेलर के फोन से खुला ठगी का मामला
मामले का खुलासा 29 सितंबर को हुआ जब बिट्टन मार्केट के एक ज्वेलर ने पुरुषोत्तम शर्मा को फोन किया। ज्वेलर ने बताया कि आशा यादव ने करीब 17 लाख रुपये का सोना खरीदा था। इसके लिए पांच लाख रुपये नकद दिए गए थे, जबकि शेष भुगतान के लिए दिया गया चेक बाउंस हो गया था। ज्वेलर के फोन के बाद पुरुषोत्तम ने पत्नी से इस लेनदेन के बारे में पूछताछ की। तब राजेश्वरी ने तंत्र-मंत्र और गृहशांति के नाम पर दिए गए रुपये और जेवरों की पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिवार को ठगी का पता चला।
आठ चेक, छह एटीएम कार्ड समेत दस्तावेज पुलिस को सौंपे
पीड़ित परिवार ने शिकायत के साथ पुलिस को आठ चेक, छह एटीएम कार्ड और अन्य संबंधित दस्तावेज भी सौंपे हैं। क्राइम ब्रांच ने शिकायत के आधार पर आशा यादव और उसके भाई मुकेश यादव के खिलाफ धोखाधड़ी और षड्यंत्र का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब लेनदेन, जेवरों और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
