त्योहार पर मातम: रोडवेज बस में टकराकर पलटा कोयला लदा ट्रेलर, चालक समेत दो की मौत; पांच की हालत गंभीर
वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर अनपरा के बैरपान के पास कोयला लदा ट्रेलर रोडवेज बस से टकराकर पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के चलते मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा।
विस्तार
वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर अनपरा थाना क्षेत्र के बैरपान में शुक्रवार को बड़ा हादसा हुआ। कोयला लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सामने से आ रही रोडवेज बस से टकराने के बाद पलट गया। ट्रेलर के नीचे दबने से बाइक सवार पिपरी के मकरा निवासी बाबूलाल (22) और ट्रेलर चालक आजमगढ़ निवासी मनोज यादव (45) की मौत हो गई।
हादसे में रोडवेज बस सवार चार यात्रियों समेत पांच लोग घायल हो गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद हाईवे पर कोयला बिखर गया। इससे काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।एनसीएल की खदान से कोयला लेकर ट्रेलर वाराणसी की ओर जा रहा था।
सूचना पर पहुंची पुलिस
बैरपान गांव के मोर्चानाला मोड़ के पास सामने से आ रही रोडवेज बस के पिछले हिस्से से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक केबिन में दब गया। रोडवेज बस के पीछे चल रहे दो बाइक सवार कोयला के नीचे दब गए। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे।
बाइक सवारों को कोयला से बाहर निकालकर निजी वाहन से डिबुलगंज के संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटाकर केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला गया, मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिवार में मातम
चालक की पहचान आजमगढ़ जिले के जियनपुर थाना क्षेत्र के भोपतपुर निवासी मनोज यादव (45) के रूप में हुई। वहीं बाइक सवार पिपरी थाना क्षेत्र के मकरा निवासी बाबूलाल (22) ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में रोडवेज बस में सवार अनपरा के मनरहवां निवासी रमाशंकर (19), सिंगरौली निवासी ईशान (20), लोझरा निवासी राजन (19), सिंगरौली निवासी कशिश (18) और ट्रेलर के खलासी आजमगढ़ निवासी आकाश यादव को गंभीर चोट आई।
उन्हें डिबुलगंज स्थित संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। थानाध्यक्ष राजेश चौबे ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को काफी मशक्कत के बाद सड़क किनारे कराकर यातायात बहाल कर दिया गया। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव रेणुसागर स्थित मोर्चरी हाउस में रखवाए गए हैं।